शनिदेव मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, दर्शन को लगा श्रद्धालुओं का तांता

काले तिल, उड़द व तेल चढ़ाकर की पूजा-अर्चना, दाल-बाटी-चूरमे का लगाया भोग; मेले में दिनभर रही रौनक
अरवड़@- स्मार्ट हलचल|अमावस्या और शनिवार के विशेष संयोग पर अरवड़ स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में एक दिवसीय विशाल मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान शनिदेव महाराज की विशेष पूजा-अर्चना कर तेल से अभिषेक किया गया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो दिनभर बनी रही।
श्रद्धालुओं ने शनिदेव को नारियल, अगरबत्ती, प्रसाद, काले तिल, तेल व उड़द चढ़ाकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में शनिदेव की कथा का आयोजन भी हुआ। भक्तों ने दाल-बाटी-चूरमा बनाकर शनिदेव को भोग लगाया और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।
दुकानों पर रही भीड़, बच्चों में दिखा उत्साह
मेले को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन के साथ मेले का आनंद लिया। परिसर में खिलौने, चाय, पकौड़ी, कचौरी, मिठाई सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें सजीं। महिलाओं ने घरेलू उपयोग का सामान खरीदा, वहीं बच्चों में मेले को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। खिलौनों की दुकानों पर बच्चों की भीड़ लगी रही।