पंचायत राज के संभावित प्रत्याशियों की प्रबोधन कार्यशाला का आयोजन

(दीपक राठौर)

बिजौलियाँ|स्मार्ट हलचल|राज्य निर्वाचन आयोग की पहल पर आज बिजौलियां के पंचायती राज की विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों व सरपंच, वार्ड पंच पर चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की प्रबोधन कार्यशाला पंचायत समिति सभागार में रखी गई। रिटर्निंग अधिकारी सी एल शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया में नाम निर्देशन पत्र भरने में आने वाली जानकारी के लिए उपस्थित प्रतिनिधियों को बिन्दु वार समझाया। पी पी टी के माध्यम से पंचायत राज चुनाव कार्यक्रम,नाम निर्देशन पत्र के साथ लगने वाले प्रपत्रों व दस्तावेजों ,जिन कारणों से आवेदन खारिज हो सकने के बिन्दुओं के बारे में बताया गया।
चुनाव के दौरान विभिन्न प्रारुपो में चाही गई जानकारी सही भरने, प्रस्तावकों व उम्मीदवार के हस्ताक्षर करने,सभी प्रपत्रों व उनमें मांगी गई जानकारी को अनिवार्य रूप से भरने,कार्यशील स्वच्छ शौचालय की जानकारी देने की अनिवार्यता पर जोर दिया। उम्मीदवार व प्रस्तावक के निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता होने के नियम बताए गए। आपराधिक प्रकरण,दोष सिद्धी , पंचायत राज की बकाया राशि से संबंधित अदेय व अनापत्ति पत्र जैसी समस्त जानकारी देने के बारे में समझाया गया। संपत्ति व आय के स्त्रोत की जानकारी भी देने को कहा गया।
सरपंच पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पहले से ही जरुरी दस्तावेज तैयार करने के लिए निर्देश दिए गए। जिन कारणों से आवेदन खारिज हो सकते है,उसकी जानकारी दी गई।
उपखंड अधिकारी शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह प्रयास है कि किसी भी प्रत्याशी के आवेदन खारिज न हो।
चुनाव खर्च राशि के बारे में भी बताया गया। चुनाव व आवेदन की प्रक्रिया समझने के लिए बड़ी संख्या में चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
कार्यशाला में सहायक रिटर्निंग अधिकारी ललित डिडवानिया,बी एल एम टी विनोद पटवा,शिव लाल, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कन्हैयालाल शर्मा सहित निर्वाचन शाखा में लगे प्रभारी व सहप्रभारी उपस्थित थे।