लगातार तीसरे वर्ष होगा भव्य धार्मिक आयोजन, तेजाजी चौक से मुख्य मार्गों से होते हुए सगस मंदिर पहुंचेगी प्रभातफेरी, समापन पर होगी महाप्रसादी…
किशन वैष्णव
खामोर|स्मार्ट हलचल।धर्मनगरी खामोर में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समस्त ग्रामवासियों की ओर से लगातार तीसरे वर्ष भव्य हरिबोल प्रभातफेरी का आयोजन किया जा रहा है।ग्रामीण सियाराम वैष्णव ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के 151 गांवों की रामधुनी मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में रामधुनी मंडलियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से धर्मनगरी खामोर हरिनाम संकीर्तन और भक्ति के रंग में रंगेगी।प्रभातफेरी का शुभारंभ तेजाजी चौक से होगा। यहां से विभिन्न रामधुनी मंडलियां ढोल-नगाड़ों, मंजीरों और भक्ति गीतों की मधुर धुन के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ेंगी। प्रभातफेरी के दौरान रामधुनी मंडलियों द्वारा हरिनाम संकीर्तन किया जाएगा। भजनों और धार्मिक जयघोष से धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय होगा। आयोजन में ग्रामीणों, युवाओं, बुजुर्गों और धर्मप्रेमियों की भागीदारी रहेगी।प्रभातफेरी कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए आंगूचा रोड स्थित सगस मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक आयोजन के समापन अवसर पर महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है। श्रद्धालु प्रभातफेरी में शामिल होकर धर्मलाभ लेंगे तथा महाप्रसादी ग्रहण करेंगे।लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रही हरिबोल प्रभातफेरी अब धर्मनगरी खामोर की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है। कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाला यह आयोजन क्षेत्र में भक्ति,श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता का विशेष उदाहरण बनेगा।