पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल।शहर के पश्चिमी क्षेत्र को पूर्वी क्षेत्र से जोड़ने वाली प्रमुख सर्किट हाउस रोड की बदहाली और अमृत-2 योजना के तहत चल रहे सीवरेज कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने अनूठे अंदाज में विरोध जताया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सदस्य मनोज पालीवाल फूटा ढोल लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से फूटे ढोल के जरिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अमृत-2 योजना शहरवासियों के लिए वरदान बनने के बजाय परेशानी का कारण बन गई है।
पालीवाल ने कहा कि सर्किट हाउस रोड पिछले करीब एक साल से बंद पड़ी है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह खुदाई के बाद कच्चा रास्ता छोड़ दिया गया है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गांधी नगर और बसंत विहार क्षेत्र के लोग उड़ती धूल और मिट्टी से परेशान हैं। उनका आरोप है कि दीपावली जैसे त्योहार पर भी लोगों को धूल के गुबार के बीच रहने को मजबूर होना पड़ा। घरों तक धूल पहुंचने से सांस संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीवरेज कार्य के दौरान निर्धारित नियमों की पालना नहीं की जा रही है। खुदाई के बाद सड़क की तत्काल मरम्मत, धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और पूरी चौड़ाई में सड़क निर्माण जैसे प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है। सीवरेज का काम निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद अधूरा पड़ा है।
पालीवाल ने कहा कि सर्किट हाउस रोड से आला अधिकारी, विधायक और सांसद भी गुजरते हैं। विधायक का कार्यालय भी इसी मार्ग पर है, लेकिन इसके बावजूद आमजन की परेशानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शहर में विकास कार्य करवाने के लिए नागरिकों को बार-बार प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ेगा?
उन्होंने कहा कि अमृत-2 योजना से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन लापरवाही के चलते यह योजना परेशानी का कारण बन गई है। पहले भी सर्किट हाउस के बाहर करीब छह महीने तक गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। विरोध के बाद काम शुरू हुआ। फूटे ढोल के प्रदर्शन के जरिए उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को चेताया कि जनता की समस्याओं की अनदेखी का जवाब उन्हें देना होगा।