25 नवंबर को निकला जनाजा, हजारों लोग हुए शामिल; परिजनों को पिकनिक की जानकारी नहीं थी, गांव के चार घायल बच्चों का उपचार जारी
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी दसवीं के छात्र अरमान की लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत के बाद बुधवार दोपहर बाद जनाजा निकाला गया। जनाजे में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उसे सुपुर्दे खाक किया गया। हादसे में अरमान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत के बाद पिता बदहवास हैं, जबकि मां सोनी गहरे सदमे में हैं। रोते-रोते उनकी हालत बिगड़ जा रही है और होश आने पर वह बेटे को पुकारने लगती हैं।
अरमान कौशांबी जनपद के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में कक्षा दस का छात्र था। पिता रियाज के अनुसार, उन्हें विद्यालय की ओर से बच्चों को पिकनिक पर ले जाने की जानकारी नहीं थी। विद्यालय में उनका छोटा बेटा रहमान भी पढ़ता है। पिता ने बताया कि जानकारी होने पर उन्होंने दोनों बच्चों को पिकनिक पर जाने से मना कर दिया था, लेकिन अरमान दोस्तों और विद्यालय के साथ आगरा चला गया। वहीं, ग्रामीणों के अनुसार अरमान की मां को पिकनिक की जानकारी थी और बच्चों की जिद पर उन्होंने उसे जाने की अनुमति दे दी थी।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार अरमान पढ़ाई में काफी होनहार था। उसका सपना डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करने का था। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने उसके सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद पिता रियाज बदहवास हैं, जबकि मां सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे लोग भी इस दुखद घटना से भावुक हो उठे।
हादसे में घायल गांव के छात्र ताबिश, हिना, सहज, बिलाल, मोइनुद्दीन और अब्दुल रहमान आदि के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई थी। उस समय बस में सवार अधिकांश बच्चे सो रहे थे। एक छात्र को शौचालय जाना था, जिसके लिए बस एक्सप्रेसवे पर रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक छात्र घायल हो गए।
हादसे में जहांगीर नगर गहुरा गांव के चार बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार अभी जारी है। बच्चों को गंभीर चोटें आने से परिजन चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है। अरमान के जनाजे में उमड़ी भीड़ इस दुखद घटना से ग्रामीणों के गहरे आहत होने की गवाही दे रही थी। परिवार के चिराग और एक होनहार छात्र को खोने का दर्द गांव के लोगों में भी साफ दिखाई दे रहा है।