मुंबई के व्यवसायी बद्रीलाल मालू व रोशनलाल मालू ने की घोषणा,  आसावरा माता मंदिर परिसर में बनेगा 9 लाख का हॉल

बंसीलाल धाकड़

बड़ीसादड़ी।स्मार्ट हलचल|बांसी-बोहेड़ा रेलवे स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध आसावरा माता मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक नए हॉल का निर्माण कराया जाएगा। बांसी के मूल निवासी एवं मुंबई के प्रतिष्ठित व्यवसायी व श्री सांवलिया होम एलएलपी के डायरेक्टर बद्रीलाल मालू तथा रोशनलाल मालू ने शनिवार को अपनी माताजी मांगी बाई की पुण्य स्मृति में 9 लाख रुपए की लागत से हॉल निर्माण कराने की घोषणा की। आसावरा माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष चमनसिंह सारंगदेवोत ने बताया कि मालू परिवार लंबे समय से समाजसेवा एवं सनातन धर्म से जुड़े कार्यों में बड़े स्तर पर सहयोग करता आ रहा है। हाल ही में मालू परिवार की ओर से बांसी में विशाल श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन करवाया गया था, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की सुन्दर व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में हॉल निर्माण की घोषणा से ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों में भारी खुशी का माहौल है। इस दौरान ट्रस्ट के देवकिशन व्यास, पूर्व सीबीईओ हीरालाल शर्मा, भेरूलाल मेनारिया, फतहलाल मेनारिया, राजेन्द्र प्रसाद ओझा एवं मांगीलाल व्यास ने मालू परिवार को मंदिर ट्रस्ट की गतिविधियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। व्यवसायी व समाजसेवी रोशनलाल मालू ने माता आसावरा के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया तथा कहा कि वे करीब 50 वर्ष पूर्व इस स्थान पर आए थे। उस समय की तुलना में वर्तमान में मंदिर परिसर का हुआ विकास एवं कायाकल्प देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि आसावरा माता के प्रति उनकी गहरी आस्था रही है और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह हॉल भविष्य में धार्मिक आयोजनों, सत्संग एवं श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी मंदिर एवं क्षेत्र के धार्मिक और जनकल्याणकारी कार्यों में यथा संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उन्हें अन्नपूर्णा समिति द्वारा यहां आने वाले बीमारों एवं उनके परिजनों के लिए संचालित निःशुल्क भोजन व्यवस्था की जानकारी दी। इस पर मालू ने कहा कि अन्नदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और जरूरतमंदों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।