फायरिंग प्रकरण में तीन माह से फरार 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

 

डीएसटी व थाना बर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, थाना बर का टॉप-10 वांछित आरोपी है जितेन्द्र उर्फ जीतू भाटी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल ।फायरिंग के मामले में करीब तीन माह से फरार चल रहे थाना बर के टॉप-10 वांछित एवं 3 हजार रुपए के इनामी आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू भाटी को जिला स्पेशल टीम एवं थाना बर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर के निकटतम सुपरविजन में की गई।

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को धर्मीचंद मेवाड़ा निवासी झाला की चौकी के मकान के सामने फायरिंग की वारदात हुई थी। आरोप है कि आरोपी टिकम नायक ने अपने साथियों जितेन्द्र उर्फ जीतू भाटी आदि के साथ मिलकर धर्मीचंद को जान से मारने की नीयत से पहले रैकी की तथा बाद में मोटरसाइकिल से उसके मकान के सामने पहुंचकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। मामले में धर्मीचंद मेवाड़ा की रिपोर्ट पर थाना बर में प्रकरण संख्या 96/2026 के तहत धारा 109(1), 351(3), 61(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।

प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला स्पेशल सेल एवं थाना बर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में सूचना तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू भाटी पुत्र श्यामलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी नायकों का बाडिया, बाडिया गैना, थाना जवाजा, जिला ब्यावर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट, लूट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी थाना बर का टॉप-10 वांछित अपराधी होने के साथ 3 हजार रुपए का इनामी भी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: थाना बर थानाधिकारी मंजू मुलेवा, डीएसटी प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर सिंह, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन मय टीम, जिला स्पेशल सेल के उपनिरीक्षक रामजस, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भवानी सिंह (39), कांस्टेबल गिरधारी (601), कांस्टेबल रामकेश (605) थाना बर, कांस्टेबल होनाराम (438) थाना रायपुर तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र (484) जिला स्पेशल सेल ब्यावर शामिल रहे।