मेडल पर निशाना, धूप और थकान को दी मात: 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन ‘अर्जुन’ बने खिलाड़ी

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल।जोश, जज्बा और जीत का जुनून! 70वें राज्य स्तरीय स्कूल टूर्नामेंट के तीसरे दिन मैदान का नजारा कुछ ऐसा ही था। मैदान पर उतरे नन्हे खिलाड़ियों में अपने लक्ष्य के प्रति ऐसी एकाग्रता दिखी कि मानों हर खिलाड़ी ‘अर्जुन’ बन गया हो। कड़ी धूप और बदन की थकान भी इन खिलाड़ियों के हौसलों को डिगा नहीं सकी और हर प्रतियोगी अपनी जी-जान से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए मैदान पर पसीना बहाता नजर आया।
चोट भी नहीं रोक सकी कदम, हौसला बढ़ाने पहुँचे पैरेंट्स
ब्रिटी स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस के निदेशक श्री अकिन चौधरी, एकेडमिक डायरेक्टर व प्रधानाचार्य श्री विनीत जैन ने बताया कि टूर्नामेंट में बच्चों का समर्पण और लगन वाकई मिसाल पेश करने वाली थी। खेल के दौरान खिलाड़ी कभी घायल हुए, कभी चोटिल हुए, लेकिन मैदान छोड़ने के बजाय वे तुरंत खड़े होकर अपनी मंजिल की ओर दौड़ पड़े। खिलाड़ियों के इस जोश को दोगुना करने के लिए मैदान में मौजूद अभिभावकों और दोस्तों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी जमकर हौसला अफजाई की, जिससे पूरा खेल परिसर गूंज उठा।
1000 मीटर और स्केटिंग रिंग में दिखा रफ्तार का रोमांच
शनिवार को प्रतियोगिता के तीसरे दिन बेहद कड़े और दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। आज मैदान पर मुख्य रूप से ये मैच हुए:
• 1000 मीटर रेस: छात्र और छात्रा दोनों वर्गों की हिट्स और सेमीफाइनल मैचों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
• स्केटिंग (क्वाड): रोलर स्केट्स पर संतुलन बनाते हुए छात्र और छात्राओं ने अपनी रफ्तार से सबको हैरान किया।
• स्केटिंग (इनलाइन): इनलाइन स्केटिंग के छात्र और छात्रा वर्ग के मैचों में भी खिलाड़ियों के बीच काँटे की टक्कर रही।
थकान को देख खेल कल तक के लिए स्थगित, कल सुबह फिर थमेगी साँसें
शाम ढलने के बाद मैदान पर प्रकाश (लाइटिंग) की व्यवस्था और खिलाड़ियों की दिनभर की थकान को ध्यान में रखते हुए, रेफरी और प्रबंधन ने आज की प्रतियोगिताओं को यहीं रोक दिया। मैदान पर बचे हुए रोमांचक मुकाबले और फाइनल मैच कल सुबह से फिर शुरू होंगे।