कई सालों से खाली भूखंड बने थे परेशानी का सबब, आए दिन निकलते थे जहरीले जीव-जंतु
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।वार्ड संख्या 31 स्थित दयानंद कॉलोनी एवं आसपास के खाली भूखंडों में कई वर्षों से पसरी गंदगी और घनी कंटीली झाड़ियों से आखिरकार क्षेत्रवासियों को राहत मिली। खाली भूखंडों में झाड़ियों के बीच आए दिन जहरीले जीव-जंतु और सांप निकलने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। कई बार घरों के आसपास भी जीव-जंतुओं की आवाजाही से लोग परेशान रहे।समस्या को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद लोकेश सामरिया (राहुल) ने त्वरित संज्ञान लिया और मौके पर जेसीबी मशीन बुलवाकर सघन सफाई अभियान चलवाया। इस दौरान खाली भूखंडों में जमा कचरे के ढेर, कंटीली झाड़ियां और अनावश्यक पेड़-पौधों को हटाया गया। सफाई होने से क्षेत्र में स्वच्छता के साथ लोगों को जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे से भी राहत मिली।
पार्षद लोकेश सामरिया ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
सफाई अभियान के बाद वार्डवासियों ने राहत की सांस लेते हुए पार्षद लोकेश सामरिया का आभार जताया और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करवाने पर धन्यवाद दिया।