गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|गंगापुर अभिभाषक संस्था ने भीलवाड़ा के अधिवक्ता गोविंद माणमिया पर हुए प्राणघातक हमले के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को अधिवक्ता गोविंद माणमिया पर जानलेवा हमला हुआ था। इस संबंध में सुभाषनगर थाना भीलवाड़ा में प्रकरण संख्या 326/2026 दर्ज कराया गया है। घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी नहीं किए जाने से अधिवक्ता वर्ग में भारी रोष व्याप्त है।
इसी को लेकर सोमवार को गंगापुर अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष अरविंद चौधरी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो गंगापुर सहित जिले भर के अधिवक्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर संस्था के कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे।