मकान में छिपाकर रखा था मादक पदार्थ, 67 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; मिक्सर ग्राइंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 13,400 रुपए बरामद
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने आनंदपुर कालू थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 31.040 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों की बिक्री और प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों सहित 13,400 रुपए भी जब्त किए हैं।ANTF महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि आनंदपुर कालू थाना क्षेत्र के सिरोहीयों का बाड़ा निवासी बक्साराम ने अपने रिहायशी मकान में बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त छिपा रखा है। सूचना पुख्ता होने पर ANTF टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की और आरोपी के मकान की तलाशी ली।तलाशी के दौरान प्लास्टिक के दो कट्टों में 31.040 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से डोडा पोस्त पीसने में प्रयुक्त एक मिक्सर ग्राइंडर, तौलने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित 13,400 रुपए भी जब्त किए गए।
पुलिस ने इस मामले में बक्साराम पुत्र मंगलाराम, उम्र 67 वर्ष, निवासी सिरोहीयों का बाड़ा, आनंदपुर कालू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में ANTF टीम और आनंदपुर कालू थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही।
ANTF महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीमों को ANTF मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आमजन से मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य अपराधों की सूचना देने की अपील की गई है। इसके लिए ANTF नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 और व्हाट्सएप नंबर 9261225056 जारी किए गए हैं। विभाग के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी।