शादी का झांसा देकर किशोरी को भगाने का आरोप, युवक पर मुकदमा दर्ज

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी को पड़ोस के युवक द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के पिता के अनुसार, 20 अप्रैल की रात पूरा परिवार भोजन के बाद सो गया था। उनकी 17 वर्षीय पुत्री पास में ही सो रही थी। रात करीब 1 बजे जब वह लघुशंका के लिए उठे तो बेटी घर पर नहीं मिली और दरवाजा खुला पाया गया। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
शक होने पर पिता गांव निवासी नीतीश रैदास के घर पहुंचे, जहां उसके भाई भोला ने बताया कि नीतीश कुछ देर पहले घर से कहीं गया है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि नीतीश रैदास उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।