किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जा रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, मुकदमा दर्ज

स्मार्ट हलचल|खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी का झांसा देकर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जा रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी राजन गोस्वामी पुत्र अनिल गोस्वामी उनकी 16 वर्षीय पुत्री को पिछले कई महीनों से प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दे रहा था। परिजनों को जानकारी होने पर युवक को कई बार समझाया गया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब पीड़िता की मां आंगनबाड़ी केंद्र गई थीं और किशोरी घर पर अकेली थी, तभी मौका पाकर आरोपी घर पहुंच गया और किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने लगा। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर पड़ गई। संदिग्ध अवस्था में दोनों को जाते देख ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और परिजनों के साथ पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।