जमीन दिखाने के बहाने बुलाया, रास्ते में मारपीट कर ₹5,000, मोबाइल व मोटरसाइकिल लूटने का आरोप

स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा,वार्ड नंबर 4, मंगळपुरा, भीलवाड़ा निवासी किशन सिंह कानावत पुत्र श्री भंवर सिंह राजपूत ने पुलिस थाना कारोई के थानाधिकारी को परिवाद प्रस्तुत कर अपने साथ हुई कथित मारपीट एवं लूट के संबंध में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।परिवाद के अनुसार, दिनांक 23.08.2026 को किशन सिंह रीको नंबर-1 चौराहा पर एक दुकान पर बैठा था। इसी दौरान लगभग 40 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और हाई-हैलो करने लगा। उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसे लगभग 10-15 किलोमीटर के क्षेत्र में जमीन खरीदनी है। किशन सिंह के अनुसार, उक्त व्यक्ति को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर वह उसे गुंदली क्षेत्र में जमीन दिखाने ले गया।

जमीन दिखाकर वापस लौटते समय मोहन मंगरी के पास उक्त व्यक्ति ने पेशाब करने के बहाने वाहन रोकने को कहा। वाहन रुकते ही कथित रूप से उसने किशन सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह बेहोशी जैसी स्थिति में आ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसकी जेब से ₹5,000 नकद, मोबाइल फोन तथा उसकी मोटरसाइकिल लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिवाद में मोबाइल नंबर 9057008598 तथा मोटरसाइकिल नंबर RJ 06 BN 9225 का भी उल्लेख किया गया है।

किशन सिंह के अनुसार, होश में आने के बाद उसने सड़क पर आकर लिफ्ट लेकर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उसे मामला पुलिस थाना कारोई का बताकर वहां रिपोर्ट देने के लिए कहा गया। इसके बाद उसने थानाधिकारी कारोई के समक्ष लिखित परिवाद प्रस्तुत किया है।

पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

परिवादी ने पुलिस से मांग की है कि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध लूट, मारपीट एवं अन्य लागू आपराधिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तत्काल अनुसंधान किया जाए, आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए तथा लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद की जाए।

साथ ही घटनास्थल एवं आसपास के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल नंबर एवं अन्य उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की मांग की गई है।

परिवादी ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर उसे कानून के अनुसार दंडित किए जाने की मांग की है।