अवैध जल कनेक्शनों पर कार्रवाई, गर्मी में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान

खजुरी|स्मार्ट हलचल|भीषण गर्मी के मद्देनज़र ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलदाय विभाग द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में फतेहपुर गांव में अवैध फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता (ExEn) गौरव गुप्ता के निर्देशन में, सहायक अभियंता (AEN) जितेंद्र मीणा के मार्गदर्शन तथा साइट इंचार्ज मनीराम जिंजा की निगरानी में संपन्न हुई। अभियान के दौरान टीम ने गांव में निरीक्षण कर 9 अवैध घरेलू जल कनेक्शनों की पहचान की और उन्हें तत्काल प्रभाव से काट दिया।

अधिकारियों के अनुसार, अवैध कनेक्शनों के कारण नियमित उपभोक्ताओं को पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी, जिससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में जल संकट गहराने की आशंका थी। इस कार्रवाई का उद्देश्य जल वितरण प्रणाली को संतुलित करना और प्रत्येक घर तक निर्धारित मात्रा में पानी पहुंचाना है।

अधिशासी अभियंता गौरव गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा आगे भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे और अवैध कनेक्शन रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल वैध कनेक्शन का ही उपयोग करें और जल संरक्षण में सहयोग दें।

गांव वासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे जल आपूर्ति में सुधार होगा तथा सभी को समान रूप से पानी उपलब्ध हो सकेगा।