वार्डों की सफाई पर आयुक्त की पैनी नजर, गंदगी मिलते ही कार्रवाई के निर्देश

पंकज पोरवाल

वार्ड 7 व 11 में औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, सड़कों-नालियों की बदहाल स्थिति पर जिम्मेदारों से जवाब तलब

भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने 1 सितंबर को वार्ड नंबर 7 और 11 का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़कों और नालियों में गंदगी मिलने पर संबंधित जमादार एवं स्वास्थ्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दोनों वार्डों में बीटवाइज सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की तथा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति देखी। मयूर स्कूल के सामने स्थित कचरा स्टैंड की नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। आयुक्त ने वार्ड के स्थानीय नागरिकों से सफाई व्यवस्था को लेकर सीधा फीडबैक लिया। उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें तथा मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाएं। वहीं खाली भूखंडों पर कचरा एवं गंदगी फैलाने वालों के साथ संबंधित प्लॉट स्वामियों को भी चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छ एवं सुंदर भीलवाड़ा बनाने के लिए सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।