लाखेरी – स्मार्ट हलचल|आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय लाखेरी में शनिवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती व माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना से हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सम्मेलन की मुख्य वक्ता रक्षा सोनी ने अपने उद्बोधन में बालक के सर्वांगीण विकास में माँ की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माँ ही बालक की प्रथम गुरु होती है। संस्कार, शिक्षा और चरित्र निर्माण की नींव माँ के द्वारा ही रखी जाती है। यदि माँ जागरूक और संस्कारित है, तो परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल है।
इस अवसर पर उपस्थित माताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा भजन, गीत एवं प्रेरक वचनों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या मंदिर केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें अभिभावकों विशेषकर माताओं का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।