आंगन मिलन समारोह में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान

गोद भराई, अन्नप्राशन व प्रवेशोत्सव के साथ किया पौधरोपण

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल |देवपुरा ग्राम पंचायत के आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र गुवाड़िया (खरवा सेक्टर) में शनिवार को आंगन मिलन सेवा समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी मोहित बुल्डक, विद्यालय प्रधानाचार्य रमन प्रकाश, महिला मोर्चा की मीना रावत, सरपंच समीन हैदर, समाजसेवी नरेन्द्र पाल पदावत, महिला पर्यवेक्षक लक्ष्मी गुर्जर, डॉ. आकाश गुप्ता, एएनएम संतोष चौहान सहित ग्रामीण मौजूद रहे।समारोह में महिला एवं बाल विकास, पोषण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा सहयोगिनियों एवं साथिनों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रधानमंत्री के संदेश रूपी सम्मान पत्र एवं गमले प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत भी किया।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, शिशुओं का अन्नप्राशन एवं प्रवेशोत्सव की गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

अतिथियों ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण स्तर पर महिलाओं और बच्चों तक सरकार की विभिन्न कल्याणकारी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके मनोबल और उत्साह को बढ़ाने के साथ बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा देता है। समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने आंगनवाड़ी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और महिलाओं-बच्चों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।