बूंदी-स्मार्ट हलचल।डॉ. बी.एल. मीणा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात), राजस्थान जयपुर द्वारा जिला बून्दी का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण दिनांक 26 मई 2026 से 27 मई 2026 तक प्रस्तावित है। इसी क्रम में प्रथम दिवस को जिला मुख्यालय पर विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
सेरेमोनियल परेड एवं निरीक्षण
पुलिस पुलिस परेड ग्राउंड बून्दी में भव्य सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया, जिसकी कमान अवनीश कुमार शर्मा, आईपीएस पुलिस अधीक्षक जिला बून्दी द्वारा संभाली गई। परेड में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं थानाधिकारीगण उपस्थित रहे। एडीजीपी द्वारा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई तथा जवानों के अनुशासन, एकरूपता एवं दक्षता की सराहना की गई।
विभिन्न डेमो का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल द्वारा प्रस्तुत विभिन्न ऑपरेशनल डेमो का अवलोकन किया गया, जिनमें— स्क्वॉड ड्रिल, रॉयट कंट्रोल ड्रिल, क्राइम सीन मैनेजमेंट डेमो, नाकाबंदी का लाइव डेमो शामिल रहे। इन प्रदर्शनों के माध्यम से पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं आपदा/कानून-व्यवस्था से निपटने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।
पुलिस लाइन का निरीक्षण
एडीजीपी द्वारा पुलिस लाइन स्थित विभिन्न इकाइयों का गहन निरीक्षण किया गया, जिनमें— क्वार्टर गार्ड, कोत (स्टोर), पुलिस कैंटीन, मैस, एमटी शाखा (वाहन शाखा) आदि शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उद्घाटन कार्यक्रम
इस अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित पुस्तकालय भवन एवं महिला विश्राम गृह का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से पुलिस कार्मिकों के बौद्धिक विकास एवं महिला कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
संपर्क सभा का आयोजनः- निरीक्षण उपरांत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक संपर्क सभा आयोजित की गई। सभा के दौरान एडीजीपी महोदय द्वारा उपस्थित कार्मिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी ली गई तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
कार्यालय निरीक्षण एवं क्राइम मीटिंग
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया। साथ ही जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी एवं थानाधिकारियों की विस्तृत क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता एवं जनविश्वास बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से जिला पुलिस बून्दी की कार्यप्रणाली, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया तथा भविष्य में और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी पुलिसिंग सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
