राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।महात्मा ज्योतिबा फुले मूर्ति अनावरण के आगामी 13 जून को आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों एवं सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए श्रीअविनाश गहलोत फाउंडेशन के तत्वावधान में कोटड़ी के नया बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी परिसर में जल वाटिका एवं शीतल पेयजल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए आमजन, राहगीरों एवं व्यापारियों को राहत देने के उद्देश्य से माली समाज कोटड़ी द्वारा यह सेवा शुरू की गई।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार के जल संरक्षण संबंधी जनजागरूकता अभियानों की भावना को आगे बढ़ाते हुए वंदे गंगा जल संरक्षण जल अभियान 2026 के अंतर्गत जल बचाने, जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटड़ी विकास अधिकारी लोकेश टॉक ने शुभारंभ अवसर पर कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जनभागीदारी का विषय बन चुका है। समाज के संगठन जब सेवा और जागरूकता के कार्यों में आगे आते हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव दूर तक दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और जल संकट की चुनौतियों के बीच इस प्रकार की जल सेवा एवं जनहित पहल समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने, वर्षा जल संग्रहण और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना आज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रगति प्रसार अधिकारी दिलीप सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य धर्मचंद जीनगर एवं भाजपा कोटड़ी मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सहयोग और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में मौली खोलकर जल वाटिका का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर माली सैनी विकास संस्था के प्रदेश महासचिव संपत कुमार सोपरिया ने संस्था एवं फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि श्री अविनाश गहलोत फाउंडेशन निरंतर निस्वार्थ मानव सेवा, जीव-जंतु सेवा, गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों को सहायता उपलब्ध करवाने तथा समाज में शिक्षा और जागरूकता के लिए कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा हर गांव–हर घर एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 13 जून को आयोजित होने वाला महात्मा ज्योतिबा फुले मूर्ति अनावरण समारोह समाज के लिए गौरव का अवसर होगा तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां जारी हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं सामाजिक सेवा की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक भेरूलाल सोपरिया, शंकरलाल तुनवाल, छितरलाल लावड़ा, जगदीशचंद्र जजावरा, श्रीराम सैनी, महावीर सोपरिया, भैरूलाल तुनवाल, प्रभुलाल जाझावरा, देवकरण सोपरिया, सोहनलाल कच्छावा, ओमप्रकाश श्रीवाल, कैलाश सोपरिया, गोपाल सोपरिया, गणपत चौहान, पुष्कर सोपरिया, हजारीलाल कच्छावा, कन्हैयालाल कच्छावा, गोविंद लावड़ा, घीसूलाल लावड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पेयजल उपलब्ध कराना नहीं बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जल संरक्षण के प्रति स्थायी जनजागरूकता विकसित करना भी रहा।
