फुटपाथ से सब्जी विक्रेताओं को हटाया, वेयरहाउस के बीच खाली जगह में ठेलों की व्यवस्था
गंगापुर सिटी। नेहरू पार्क के सामने स्थित सब्जी मंडी में शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक सुदर्शन सिंह तोमर के निर्देश पर नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान वेयरहाउस के आसपास तथा फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही मंडी क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर कचरा एवं गंदगी हटाई गई।
एडीएम सुदर्शन सिंह तोमर ने बताया कि उन्होंने लगातार दो दिन सब्जी मंडी क्षेत्र का दौरा किया। यहां गंदगी, मल-मूत्र, आवारा पशुओं एवं मच्छरों के कारण राहगीरों और आमजन को परेशानी हो रही थी। इस पर सफाई निरीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए। शनिवार को सफाई निरीक्षक पिंटूराम मीणा की देखरेख में नगर परिषद की टीम जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं सफाईकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
नगर परिषद आयुक्त दीपक चौहान ने बताया कि सब्जी विक्रेताओं के बेतरतीब तरीके से बैठने के कारण मंडी में अतिक्रमण एवं गंदगी की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दौरान कीचड़ फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती थी। पुलिस जवानों की मौजूदगी में वेयरहाउस एवं मंडी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर दिनभर सफाई कराई गई।
कार्रवाई के बाद मुख्य रास्ते से सब्जी विक्रेताओं को हटाकर वेयरहाउस के बीच स्थित खाली जगह को समतल कराया गया तथा मिट्टी डलवाई गई। यहां ठेले खड़े करने के लिए स्थान निर्धारित कर व्यवस्था की गई, ताकि मुख्य रास्ता खुला रहे, यातायात बाधित न हो और गंदगी की समस्या भी कम हो। एडीएम तोमर ने कहा कि सफाई एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से आमजन को राहत मिली है।