रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां कस्बे में विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्र नेताओं द्वारा शुरू किया गया आमरण अनशन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन द्वारा प्रमुख मांगों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाने के बाद थाना अधिकारी दिनेश कुमार ने अनशनकारियों को मिठाई खिलाकर भूख हड़ताल समाप्त करवाई।
जानकारी के अनुसार छात्र नेता शिवराज आचार्य एवं दिनेश माली ने अस्पताल, शिक्षा और पेयजल सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था। आंदोलन के बाद प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
प्रशासन ने फूलियाकलां अस्पताल में चिकित्सक की वैकल्पिक व्यवस्था करने के आदेश जारी किए। वहीं श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सप्ताह के प्रथम तीन दिनों के लिए तीन शिक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वार्ड संख्या 15 स्थित विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की अनुशंसा करने तथा पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवश्यक कार्य कराने का भरोसा भी दिया गया।
इन आश्वासनों के बाद थाना अधिकारी दिनेश कुमार की मौजूदगी में अनशनकारियों को मिठाई खिलाकर आंदोलन समाप्त कराया गया।
अनशन समाप्त होने के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सभी घोषणाओं को शीघ्र धरातल पर लागू करने की मांग की है।
