चंदेरिया स्थित गौतम आश्रम में हुआ सम्मान समारोह, वृक्षारोपण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। अक्षपाद गौतम विकास संस्थान, चंदेरिया में नव मनोनीत युवक संघ जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों एवं युवा साथियों ने उनका स्वागत करते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ चंदेरिया स्थित गौतम आश्रम में वृक्षारोपण एवं महर्षि गौतम के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण महासभा, चित्तौड़गढ़ के जिलाध्यक्ष प्रशांत शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मेवाड़ क्षेत्रीय केंद्रीय अध्यक्ष अमरकंठ उपाध्याय, युवा प्रदेश अध्यक्ष योगेश व्यास, युवा महामंत्री मुकेश त्रिपाठी, जिला महामंत्री राजेंद्र चतुर्वेदी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने समाज की एकता एवं अखंडता बनाए रखने पर बल देते हुए युवाओं से समाज हित में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं अमरकंठ उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित रहकर चुनौतियों का सामना करना होगा तथा युवाओं में आपसी सहयोग की भावना मजबूत करनी होगी।
युवा प्रदेश अध्यक्ष योगेश व्यास ने चित्तौड़गढ़ में समाज के युवक-युवतियों के लिए भविष्य में गरबा महोत्सव आयोजित कराने की पहल की घोषणा की। वहीं पूर्व पार्षद शांतिलाल शर्मा ने आगामी निकाय चुनाव में समाज हित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं की उपस्थिति में जिला प्रवक्ता सुनील गुर्जर गौड़ को 17 देशों की विदेश यात्रा पूर्ण करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महासभा के राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री नंदकिशोर जोशी एवं संगठन मंत्री ललित शर्मा ने किया, जबकि अंत में मंगलेश्वर शर्मा खूंटियां ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
