बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों, जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशों तथा विभागीय ऐप से प्राप्त डेटा के आधार पर चिन्हित किए गए खतरनाक स्थानों पर सड़क हादसों को रोकना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मंगलवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दल ने बूंदी शहर के विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल ने शहर के तीन प्रमुख स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां दुर्घटनाओं की आशंका सबसे अधिक रहती है। इनमें सिलोर रोड चौराहा, चित्तौड़ रोड चौराहा और लग्दरिया भैरूजी तिराहा शामिल है। संयुक्त दल ने इन ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कई निर्णय लिए हैं। इसके तहत सड़कों के किनारे मौजूद अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने और वाहन चालकों की दृश्यता को बाधित करने वाली झाड़ियों व जंगली घास की सफाई के निर्देश दिए गए। रास्तों में बने गड्ढों (पॉट होल्स) को जल्द से जल्द भरवाने और डिवाइडर को निर्धारित मापदंडों के अनुसार दुरुस्त व विकसित करने को कहा गया है।
इसके अलावा चौराहों पर रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत चालू करने और आवश्यकतानुसार नई लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने, उचित रोड मार्किंग करने और वाहन चालकों की सतर्कता के लिए जरूरी चेतावनी व सूचना बोर्ड लगाने के सुझाव दिए गए।
पुराना बाईपास से नवल सागर तक बनेगा ‘नो-पार्किंग जोन
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए टीम ने पुराना बाईपास रोड़ से नवल सागर तक होने वाली अवैध पार्किंग पर गंभीर चिंता जताई। दल ने आम सहमति से इस पूरे मार्ग को ‘नो-पार्किंग जोन’ घोषित करने की अनुशंसा की है, ताकि यहां वाहनों का अवांछित जमावड़ा न लगे और यातायात निर्बाध रूप से चल सके।
संयुक्त निरीक्षण में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी सौम्या शर्मा, बूंदी पुलिस वृत्ताधिकारी अनिल जोशी, अधिशाषी अभियंता राजाराम मीणा, सब-इंस्पेक्टर जितेन्द्र सिंह, नगर परिषद के सहायक अभियंता दिनेश कुमार मीणा और एनआईसी ऑफिस के कार्तिकेय शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहें।
