अग्रसेन जन्मोत्सव पर सेवा कार्य, नोटबुक-पेन के साथ बच्चों को भेंट किए तौलिये
भीलवाड़ा, 18 अक्टूबर।
स्मार्ट हलचल|‘नर सेवा ही नारायण सेवा है’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन की प्रमुख, युवा एवं महिला इकाई की ओर से अग्रसेन जन्मोत्सव के अवसर पर सेवा कार्य किया गया। प्रदेश महामंत्री अमित नागौरी के नेतृत्व में सोफिया स्कूल के पास स्थित मूक-बधिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को पाठ्य सामग्री और दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं।
प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र गोयल ने बताया कि सम्मेलन की ओर से पूर्व निर्धारित छह सेवा कार्यों की श्रृंखला के तहत यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुमित सिंगला एवं मुकेश अग्रवाल (नेवरिया वाले) रहे। अतिथियों और संगठन के पदाधिकारियों ने बच्चों को नोटबुक, पेन सहित अन्य पाठ्य सामग्री भेंट की, ताकि उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिल सके।
युवा जिला महामंत्री धीरेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों के साथ उनकी दैनिक आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा गया। छात्रावास में रह रहे बच्चों को तौलिये सहित उपयोगी सामग्री ससम्मान भेंट की गई। जिला युवा अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष सीए वैभव बिंदल ने कहा कि समाज सेवा के ऐसे प्रयास बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश युवा महामंत्री पंकज अग्रवाल, प्रदेश महिला महामंत्री नूतन सिंघला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनीता अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश अग्रवाल तथा जिला युवा सचिव लोकेश निमोदिया सहित सम्मेलन के अनेक पदाधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भगवान अग्रसेन के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को सुखी और समृद्ध बनाना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम का समापन भावपूर्ण माहौल में हुआ। मूक-बधिर बच्चों ने अपने विशिष्ट अंदाज में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘भगवान अग्रसेन जी की यही पुकार, सुखी और समृद्ध हो संसार’ के जयघोष के साथ आयोजन संपन्न हुआ।