फाइनल में 71-57 अंकों से दी शिकस्त, सरदार नगर की टीम तीसरे स्थान पर रही
भीलवाड़ा
स्मार्ट हलचल|पंच गौरव योजना के तहत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में नगर निगम मैदान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। पीएम श्री महाराणा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयोजन में जहाजपुर के खेल स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में नगर निगम की टीम ने सुखाड़िया स्टेडियम की टीम को 71-57 अंकों से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सुखाड़िया स्टेडियम की टीम उपविजेता रही, जबकि सरदार नगर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत जिला प्रशासन के सौजन्य से जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र भीलवाड़ा की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में 17 वर्ष तक आयु वर्ग के बालकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने दमखम दिखाया। इनमें चार टीमें शहरी क्षेत्र तथा दो टीमें ग्रामीण क्षेत्र से शामिल हुईं। शहरी क्षेत्र से सुखाड़िया स्टेडियम, नगर निगम मैदान, कावांखेड़ा मैदान और लेबर कॉलोनी मैदान की टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि ग्रामीण क्षेत्र से सरदार नगर और दौलतगढ़ की टीमें मैदान में उतरीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन प्रारंभिक मुकाबले और सेमीफाइनल खेले गए, जबकि दूसरे दिन हार्डलाइन और फाइनल मुकाबले आयोजित हुए। प्रारंभिक मुकाबले में कावांखेड़ा की टीम ने लेबर कॉलोनी को 47-22 अंकों से हराया। सरदार नगर ने दौलतगढ़ को 36-16 अंकों से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में सुखाड़िया स्टेडियम की टीम ने कावांखेड़ा को 47-27 अंकों से पराजित किया, जबकि नगर निगम की टीम ने सरदार नगर को 54-24 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे स्थान के लिए हुए हार्डलाइन मुकाबले में सरदार नगर की टीम ने कावांखेड़ा को 19-15 अंकों से हराया। इसके बाद खेले गए खिताबी मुकाबले में नगर निगम की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सुखाड़िया स्टेडियम को 71-57 अंकों से मात दी। प्रतियोगिता में अनुराग और देव मीणा ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि जहाजपुर नगर पालिका अध्यक्ष अल्केश पवन वैष्णव रहीं। उन्होंने बास्केटबॉल को जिले में लोकप्रिय खेल बताते हुए खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और खेल के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और खेल भावना जीवन में आगे बढ़ने का आधार बनती है।
जिला खेल अधिकारी राणावत ने बताया कि पंच गौरव योजना के अंतर्गत प्रतिमाह एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिल सके। जिले के विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है। योजना के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों को पोषण सहायता और खेल किट उपलब्ध करवाने की भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य ईश्वर सिंह मीणा, प्रशिक्षक निशा राजपूत, शारीरिक शिक्षक अर्जुन सिंह मीणा, महेंद्र सिंह मीणा, हेमंत मीणा, मनोज कुमार मीणा, मांगीलाल जाट, गनी मोहम्मद, मनीष धोबी, दीपक मीणा, पायल टेलर, शाहरुख खान, दीपक चौधरी और आजाद पठान का विशेष योगदान रहा।