एसडीएम के आश्वासन के बाद इंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में खत्म हुआ आंदोलन
सुनेल 5 अगस्त ।
स्मार्ट हलचल|किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर सुनेल तहसील परिसर के सामने 3 अगस्त से कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया धरना प्रदर्शन मंगलवार रात प्रशासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गया। कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंद्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में चल रहे इस धरने में किसानों ने फसल बीमा क्लेम, आपदा मुआवजा राशि, स्मार्ट मीटर और सिक्योरिटी डिपॉजिट नोटिस सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन किया था। मंगलवार रात करीब 8 बजे पिड़ावा उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार मीणा धरना स्थल पहुंचे और किसानों के प्रतिनिधिमंडल से विस्तृत चर्चा की। वार्ता के दौरान प्रशासन ने बताया कि आपदा मुआवजा राशि किसानों के खातों में जमा होना शुरू हो चुकी है तथा फसल बीमा क्लेम की शेष राशि भी अगले छह दिनों के भीतर सभी पात्र किसानों के खातों में जमा करा दी जाएगी। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर एवं सिक्योरिटी डिपॉजिट नोटिस से जुड़े मुद्दों पर भी प्रशासन और किसानों के बीच सहमति बनी। प्रशासन के आश्वासन से संतुष्ट होकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंद्र सिंह सिसोदिया ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की, जिसके बाद तीन दिनों से जारी धरना प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
धरना समाप्त होने पर किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन तय समय सीमा में सभी आश्वासन पूरे करेगा, जिससे लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
