रात्रि चौपाल में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, स्कूली बच्चों और युवाओं को कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने किया प्रेरित
अजय सिंह (चिंटू)
जयपुर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के श्योसिंहपुरा में आयोजित रथयात्रा एवं रात्रि चौपाल कार्यक्रम में भाग लेते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा, सामाजिक प्रतिनिधि तथा स्कूली बच्चे मौजूद रहे। पूरे आयोजन में ग्रामीण विकास, कृषि सशक्तिकरण और विकसित भारत के संकल्प की झलक देखने को मिली।
रात्रि चौपाल को संबोधित करते हुए कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने श्योसिंहपुरा के निकट बसेड़ी गांव में नई कृषि मंडी के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग 25 एकड़ भूमि पर बनने वाली यह कृषि मंडी करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। मंडी निर्माण का कार्य आगामी चार महीनों में शुरू किए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन की सुविधा मिलेगी, वहीं क्षेत्र में सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा। इससे आसपास के गांवों के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने श्योसिंहपुरा ग्राम पंचायत में अतिरिक्त स्कूल कक्षों के निर्माण के लिए विधायक कोटे से 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस घोषणा से क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने स्कूली बच्चों और युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रयास और अनुशासन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जो लोग मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हैं, सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत की आर्थिक और वैश्विक स्थिति लगातार मजबूत हुई है। आज देश दुनिया में नई पहचान बना रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के बिना देश का विकास अधूरा है, इसलिए सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और कृषि विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि देश की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाना ही विकसित भारत की सबसे बड़ी नींव है। उन्होंने युवाओं, मातृशक्ति और प्रत्येक नागरिक से देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
