पर्यावरण दिवस पर कृषि विभाग सावर की कृषक गोष्ठी आयोजित

 

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कृषि विभाग द्वारा नीलकंठ महादेव परिसर में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक किया गया।
वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक बाबूलाल मीना ने बताया कि गोष्ठी में सहायक कृषि अधिकारी नासिर बेग ने किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों की जानकारी दी। उन्होंने जीवामृत, बीजामृत, वर्मी कम्पोस्ट एवं कम्पोस्ट खाद के उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण एवं मिट्टी को दूषित होने से बचाने के लिए किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक खेती को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। कृषि पर्यवेक्षक ने कृषि यंत्र अनुदान, तारबंदी, पाइपलाइन, गोवर्धन जैविक खाद, फार्म पॉण्ड सहित अन्य योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया तथा इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
गोष्ठी में उपस्थित किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े विषयों पर चर्चा की और विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के प्रति प्रेरित करना रहा।