(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल। सहकारिता मंत्रालय के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘सहकार सप्ताह’ के तहत गुरुवार को भीलवाड़ा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ (भीलवाड़ा डेयरी) में एआई एवं टेक्नोलॉजी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और सहकारिता को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि सहकार से समृद्धि के उद्देश्य को साकार करने के लिए दुग्ध उत्पादकों के सहकारी बैंक खातों को बढ़ावा देने के साथ-साथ माइक्रो एटीएम सहित विभिन्न डिजिटल सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से सहकारी व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सरल और मजबूत बनेगी।
कार्यक्रम में सहकारी बैंक के मैनेजर आशुतोष मेहता सहित विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं डेयरी कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने किसानों से डिजिटल सेवाओं का अधिकतम उपयोग कर सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
