आकाशीय बिजली गिरने से महिला ओर छात्रा हुए गंभीर रूप से घायल

रोहित सोनी

आसींद । क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादलों के साथ बरसात शुरू हो गई अचानक मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला एवं एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों को तत्काल आसींद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमलाई गांव निवासी लाडू देवी रेबारी तथा कन्नू (14) पुत्री श्रीलाल रेबारी, जो कक्षा 7वीं की छात्रा है, अपने परिवार के साथ बराणा गांव में आयोजित एक मौसर कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान बराणा चौराहे के पास अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरि ओर महिला लाडू देवी वह छात्रा कन्नू चपेट में आ गईं। बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एक पिकअप वाहन की सहायता से तत्काल आसींद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा दोनों का उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति में सुधार है, हालांकि उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने बारिश और आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने तथा आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।