मंगरोप@मुकेश खटीक।मंगरोप और बड़लियास थाना क्षेत्र की सरहद पर स्थित कालीराडिया रोड पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह टेलीफोन के जरिए सूचना मिली कि आमा से कालीराडिया रोड पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है तथा दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और दो युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले।जांच करने पर पाया कि दोनों की मौत हो चुकी थी।मृतकों की पहचान राहुल वैष्णव निवासी दलेल सिंह का खेड़ा,थाना मंगरोप तथा दीपक वैष्णव निवासी कान्याखेड़ी,थाना हमीरगढ़ के रूप में हुई।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमा की मोर्चरी में रखवाया।प्राथमिक जांच में हादसे के पीछे किसी अज्ञात वाहन से टक्कर होना सामने आया है।घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।साथ ही संभावित मार्गों पर भी जांच की जा रही है, ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर से दलेल सिंह का खेड़ा और kaa गांव में शोक की लहर फैल गई।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए।पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
