खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी की मां ने आरोप लगाया है कि युवक घर से करीब 30 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 15 हजार रुपये की नकदी भी ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन सितंबर को सोथरापुर निवासी शनि पासवान उसकी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि किशोरी को ले जाने के दौरान घर में रखे जेवरात और नकदी भी गायब मिले।
परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
किशोरी की मां ने पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी किशोरी के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शनि पासवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।