अनिल कुमार खींची
स्मार्ट हलचल ब्यावर। कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों को कथित रूप से परेशान करने, धमकाने एवं दबाव बनाने की शिकायतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करना पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी पार्षद अथवा उनके परिजन के विरुद्ध शिकायत होने पर कार्रवाई निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की जानी चाहिए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पार्षदों एवं उनके परिजनों को राजनीतिक दबाव के चलते परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पार्षदों को भयमुक्त वातावरण में अपने जनप्रतिनिधि दायित्वों का निर्वहन करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी कानूनसम्मत जांच एवं वैधानिक कार्रवाई के विरोध में नहीं है, लेकिन कार्रवाई राजनीतिक प्रभाव से मुक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए।
ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल जैन, खनन प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत, कांग्रेस सभापति प्रत्याशी कैलाश गहलोत, पार्षद दलपतराज मेवाडा, जिला प्रवक्ता एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया एवं सोहन मेवाडा मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।