नीरज मीणा
मंडावर। स्मार्ट हलचल/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां देशभर में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया, वहीं मंडावर उपखंड क्षेत्र के समीप ऊकरूंद गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम पर कर्मचारियों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां 15 अगस्त को फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज 16 अगस्त को दोपहर तक लटका हुआ दिखाई दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था, लेकिन 15 अगस्त का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी अगले दिन दोपहर तक ध्वज को निर्धारित तरीके से उतारा नहीं गया। राष्ट्रीय ध्वज के इस तरह लटके रहने से ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसके रखरखाव एवं सम्मान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिम्मेदार कर्मचारियों को ध्वजारोहण एवं ध्वज उतारने के नियमों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
