पूर्व छात्र शांतिलाल बडोला ने प्राज्ञ महाविद्यालय को दिए ₹1.21 करोड़, आधुनिक शैक्षणिक भवन निर्माण का हुआ भूमि पूजन

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल।श्री प्राज्ञ जैन स्मारक समिति द्वारा संचालित NAAC ‘A’ ग्रेड मान्यता प्राप्त श्री प्राज्ञ महाविद्यालय, बिजयनगर में नवीन शैक्षणिक ब्लॉक निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं हैदराबाद के उद्योगपति व समाजसेवी शांतिलाल बडोला तथा उनकी धर्मपत्नी उषा बडोला ने महाविद्यालय के विकास हेतु ₹1 करोड़ 21 लाख की सहयोग राशि प्रदान की।
यह राशि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन शैक्षणिक भवन के निर्माण में उपयोग की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को स्मार्ट कक्षाओं एवं बेहतर शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा। अपने संबोधन में श्री शांतिलाल बडोला ने कहा कि महाविद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों ने उन्हें जीवन में सफलता दिलाई, इसलिए मातृ संस्था के प्रति योगदान देना उनका नैतिक दायित्व है।
भूमि पूजन कार्यक्रम जैन विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि अनराज बाफना, धनराज बाफना एवं नवलकिशोर बाफना सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बडोला परिवार के इस योगदान को शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में प्रेरणादायी पहल बताया।
समारोह के दौरान शांतिलाल बडोला एवं उषा बडोला का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। श्री प्राज्ञ जैन स्मारक समिति ने इस सहयोग को संस्थान के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए आभार व्यक्त किया।