अम्बेडकर सर्किल-एफसीआई रोड की जर्जर सड़क पर फूटा लोगों का गुस्सा, वर्षों से बदहाल, बारिश में गड्ढों में भरता पानी, हादसों का बढ़ा खतरा, निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। शहर के अम्बेडकर सर्किल से अरिहंत हॉस्पिटल होते हुए एफसीआई रोड तक जाने वाली जर्जर सड़क को लेकर क्षेत्रवासियों का आक्रोश सामने आया है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी इस सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र (कुनाल) गोरण के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि अम्बेडकर सर्किल से पूरण जी गहलोत के मकान तक जाने वाला मुख्य मार्ग जगह-जगह से उखड़ चुका है और गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र गोरण ने कहा कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड 24 और 27 की सीमा पर होने के कारण यह सड़क वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है और किसी भी जनप्रतिनिधि ने इसकी सुध नहीं ली।

क्षेत्रवासियों ने निगम आयुक्त से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर नई सड़क निर्माण अथवा आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण लोट, रोहित डगला, चंदन गवारिया, मानसिंह आर्य, साहिल टांक, अविनाश गोरण, करण आदिवाल, अमित कंडारा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।