भीलवाड़ा/जहाजपुर। ग्राम अमरवासली के वार्ड 4 एवं 6 में अवैध शराब बिक्री और एक्सपायरी डेट का खाद्य सामग्री बेचने के मामले में प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों द्वारा हनुमान नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपे हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक हनुमान नगर थाना द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अमरवासली स्थित भारत प्रोविजन जनरल स्टोर के पास श्री रामदेव मंदिर एवं श्री गणेश जी महाराज मंदिर के समीप लंबे समय से नियमों की अनदेखी करते हुए शराब बेची जा रही है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे धार्मिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान पर एक्सपायरी डेट का राशन एवं खाद्य सामग्री बेची जा रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है।
विरोध करने पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के भी आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में ग्रामीणों द्वारा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत एवं ज्ञापन दिया गया था, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
अब ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, एक्सपायरी डेट के सामान की खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच कराई जाए तथा शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
