पहले मुकाबले में RN चांदखेड़ा और लक्की 11 की टीमों के बीच हुआ रोमांचक आगाज
निंबाहेड़ा, 29 नवंबर 2026 (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह एवं खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अंबिका प्रीमियर लीग (APL) क्रिकेट प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता का आगाज किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दल्ला उर्फ किशनपुरा के सरपंच चम्पालाल धाकड़, कोटड़ी कला के पूर्व सरपंच कैलाश साहू तथा युवा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष बाड़ी अजय सिंह सेमलिया उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतियोगिता आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात अतिथियों ने खेल मैदान पर पहुंचकर दोनों क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए हौसला अफजाई की। अतिथियों ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर माध्यम हैं। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं में टीम भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला RN चांदखेड़ा और लक्की 11 की टीमों के मध्य खेला गया। मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों में उत्साह नजर आया। अंबिका प्रीमियर लीग के आयोजन से क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
आयोजक कमल सिंह, छोटू बन्ना, सुरेश जाट, राहुल जाट एवं विनोद कुमावत (अंबानगर) ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला लक्की 11 और विजेता टीम के बीच होगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए तथा द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर अनीस खान, ललित नायक, इमरान खान, दिनेश किर, विजेश रेगर, राजू जाट, जसपाल जाट, पंकज कुमावत, भरत कुमावत, जसराज किर, प्रकाश, कैलाश कुमावत सहित अनेक खेलप्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।