शुभकामना पत्र व तुलसी का पौधा भेंट कर कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
काछोला 25 सितम्बर -स्मार्ट हलचल|विकसित भारत जनसेवा अभियान के अंतर्गत तहसील क्षेत्र की सरथला ग्राम पंचायत स्थित श्री सरथला श्याम धर्मशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग, मांडलगढ़ के तत्वावधान में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा विधानसभा सह संयोजक संदीप सोनी मुख्य अतिथि, मांडलगढ़ सीडीपीओ शंकर लाल बैरवा अतिविशिष्ट अतिथि तथा पीईईओ इंद्र सहाय मीणा, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर देवी लाल बारेठ एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पीयूष विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
भाजपा विधानसभा सह संयोजक संदीप सोनी ने कहा कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान टीकाकरण से लेकर बच्चों के टीकाकरण सहित विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में इन कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से शुभकामना संदेश पत्र एवं तुलसी का पौधा भेंट कर काछोला सहित सरथला क्षेत्र की आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
मांडलगढ़ सीडीपीओ शंकर लाल बैरवा ने विकसित भारत जनसेवा अभियान की जानकारी देते हुए विभाग की विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने भी आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को शुभकामना संदेश पत्र और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता सत्यनारायण मालू, गोपाल मंत्री, बालमुकुंद मालू, नंदकिशोर पराशर, एएएम सरथला प्रभारी सीएचओ साक्षी माली, दुर्गा मीणा, मुकेश मीणा, गोपाल सिंह, हीरालाल, मुकेश दरोगा सहित क्षेत्र की समस्त आशा सहयोगिनियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन सीएचओ चांदमल रेगर ने किया।