8 साल से अनुपयोगी पड़ी जर्जर पेयजल टंकी बनी खतरा, ग्रामीणों ने हटाने की उठाई मांग

जलदाय विभाग की अनदेखी पर नाराजगी, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

रमेश चंद डाड

आकोला, स्मार्ट हलचल। बीगोद कस्बे में जलदाय विभाग की पुरानी पेयजल आपूर्ति टंकी पिछले करीब आठ वर्षों से अनुपयोगी पड़ी हुई है। समय के साथ टंकी जर्जर होती जा रही है, जिससे क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि टंकी लंबे समय से उपयोग में नहीं है और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यदि समय रहते इसे हटाया नहीं गया तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है, जिससे जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी पेयजल टंकी को जल्द हटाया जाए या सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।