यूआईटी रिफंड में देरी से आवेदक परेशान, 3038 को मैसेज; 715 की सूची प्रोसेस में

लॉटरी के 6 माह बाद भी नहीं लौटी राशि, काउंटर से डीडी लेने की व्यवस्था—ओएसडी

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|नगर विकास न्यास (यूआईटी) की आवासीय भूखंड योजना हजारों आवेदकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। लॉटरी प्रक्रिया को छह माह बीत जाने के बावजूद करीब 3038 आवेदक अपनी अमानत राशि (रिफंड) के लिए दफ्तरों और बैंकों के चक्कर काट रहे हैं।
इस बीच ओएसडी चिरंजी लाल मीणा ने बताया कि 3038 आवेदकों के मोबाइल पर रिफंड संबंधी सूचना भेज दी गई है। साथ ही लगभग 715 आवेदकों की सूची तैयार होकर प्रक्रिया में है, जिन्हें जल्द भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पात्र आवेदक न्यास के निर्धारित काउंटरों से डिमांड ड्राफ्ट (DD) प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शेष प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण किया जाएगा, लेकिन फिलहाल देरी से परेशान आवेदकों में नाराजगी बनी हुई है।
उधर रिफण्ड राशि 6 माह बाद भी समय पर नही मिलने को लेकर पुलिस लाईन क्षेत्र निवासी महावीर सोलंकी ने ब्याज सहित राशि की मांग के साथ ही सुभाष निवासी देवकीनंदन चौहान ने भी न्यास की कार्यशैली पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुवे न्यास से रिफण्ड जल्द दिलाये जाने की मांग की है,वही आज एक दिव्यांग ने भी न्यास से रिफण्ड राशि का डीडी मिलने पर खुशी ज़ाहिर करते हुवे न्यास osd मीणा का आभार व्यक्त किया ।