(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|मजदूर दिवस के दिन शहर के रीको फोर्थ फेज स्थित फैक्ट्री में कार्यरत एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से माहौल गरमा गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री गेट पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार घनश्याम वैष्णव (42) पुत्र कमल दास वैष्णव, मूल निवासी पेटलावद (उज्जैन, मध्यप्रदेश) हाल मीरा सर्कल पटेल नगर, अमृत स्पिनर्स में कार्यरत था। वह रात 8 बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। सुबह करीब 7 बजे पेट में तेज दर्द की शिकायत पर फैक्ट्री से घर के लिए निकला, लेकिन मयूर फैक्ट्री के पास रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रमिक और परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बावजूद उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली, जिससे श्रमिक की जान गई। गुस्साए लोगों ने फैक्ट्री गेट पर टायर फूंककर प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं और प्रबंधन से वार्ता जारी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
