अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|अवैध हथियारों के खिलाफ ब्यावर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना जवाजा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 23 वर्षीय प्रहलाद सिंह पुत्र ईश्वर सिंह निवासी कालीकांकर, थाना साकेतनगर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की।पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दस्तयाब किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध पिस्टल बरामद होने पर पुलिस थाना जवाजा में प्रकरण संख्या 236/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी अवैध हथियार सप्लाई के प्रकरण में वांछित था। इसके अलावा उसके खिलाफ थाना साकेतनगर एवं जवाजा में मारपीट, जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया आरपीएस के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर, साइबर सेल प्रभारी सरफराज सहित पुलिस थाना जवाजा एवं साइबर सेल के जवानों का विशेष योगदान रहा।
