बलात्कार के बाद फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री वायरल करने का आरोप, आरोपी भूटान बॉर्डर के पास छिपा था
स्मार्ट हलचल
पारोली, स्मार्ट हलचल। पुलिस थाना पारोली में दर्ज बलात्कार एवं सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस ने करीब 2100 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के भूटान बॉर्डर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बचने के लिए वहां छिपा हुआ था।पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा सागर राणा आईपीएस के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल के निर्देशन तथा कोटड़ी वृताधिकारी सुरेश डाबरिया के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। कारोई थाना प्रभारी सियाराम एवं पारोली थाना प्रभारी कमलेश कुमार के सहयोग से गठित संयुक्त पुलिस टीम ने साइबर सेल भीलवाड़ा की मदद से आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पारोली थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 105/2026 में आरोपी नारायण लाल जाट, उम्र 34 वर्ष, निवासी निमेड़ा, थाना भिनाय, जिला अजमेर के खिलाफ पीड़िता से बलात्कार करने तथा फोटो-वीडियो एडिट कर अश्लील फोटो एवं वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में मामला दर्ज है।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 294(2)(ई), 308(2), 318(2), 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66ई और 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहचान छिपाकर भूटान बॉर्डर के पास छिपा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने और अपनी पहचान छिपाने की नीयत से अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और पुलिस टीम की लगातार कार्रवाई के बाद उसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल में भूटान बॉर्डर के पास चिन्हित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस रिमांड पर लेकर अनुसंधान जारी
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे अनुसंधान जारी है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सियाराम, पारोली थाना प्रभारी उप निरीक्षक कमलेश कुमार, साइबर सेल के सहायक उप निरीक्षक आशीष मिश्रा सहित कांस्टेबल गजवीर, विक्रम, अर्जुन राम, विष्णु कुमार एवं मनीष कुमार की भूमिका रही।
