14 साल से फरार 5 हजार का इनामी डकैत गिरफ्तार: रिश्तेदार के कार्यक्रम में दबिश देकर बिजौलिया पुलिस ने दबोचा

बिजौलिया (भीलवाड़ा)।स्मार्ट हलचल|जिले की बिजौलिया थाना पुलिस ने डकैती के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 साल से फरार चल रहे एक इनामी डकैत को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी शंकरनाथ अपना नाम और ठिकाना बदलकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक ने इस शातिर वांछित अपराधी पर 5000 रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। पुलिस ने पुख्ता सूचना के आधार पर उसे बूंदी जिले के तालेड़ा से एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान धर दबोचा।

पहचान छिपाकर झालावाड़ में रह रहा था आरोपी

थानाधिकारी (पु.नि.) स्वागत पाण्ड्या ने बताया कि डकैती के प्रकरण में पिछले 14 वर्षों से वांछित आरोपी शंकरलाल उर्फ शंकरिया पुत्र मोहन नाथ कालबेलिया (मूल निवासी- बेबड़िया, थाना डाबी, जिला बूंदी) पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इन दिनों वह अपनी पहचान छिपाकर किशनखेड़ी (थाना खानपुर, जिला झालावाड़) में रह रहा था।

मुखबिर की सूचना पर तालेड़ा में दबिश

जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इनामी डकैत शंकरनाथ अपनी एक रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बूंदी जिले के तालेड़ा में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तालेड़ा में दबिश दी और आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

शंकरलाल उर्फ शंकरिया: पिता मोहन कालबेलिया, निवासी बेबड़िया, थाना डाबी (बूंदी), हाल मुकाम: किशनखेड़ी, थाना खानपुर (झालावाड़)।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:

  • श्री स्वागत पाण्ड्या (पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी बिजौलिया)
  • श्री लक्ष्मण सिंह (स.उ.नि., बिजौलिया) – विशेष योगदान
  • श्री मायाराम (कांस्टेबल 2152, बिजौलिया)