असामाजिक तत्वों द्वारा प्राचीन देव प्रतिमा खंडित करने पर फूटा जन आक्रोश, तेली समाज ओर विहिप ने दी आंदोलन की चेतावनी

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // शहर के प्रतापनगर स्कूल परिसर स्थित करीब 100 वर्ष पुरानी जुझार जी महाराज की प्राचीन मूर्ति को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने का सनसनीखेज मामला सोमवार को सामने आया। घटना के बाद स्थानीय तेली समाज, विश्व हिंदू परिषद (विहिप), बजरंग दल और आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रतापनगर स्कूल ग्राउंड का है। स्कूल परिसर के रनिंग ट्रैक के पास वर्षों पुराना चबूतरा बना हुआ है, जहां तेली समाज के गुटकणिया परिवार सहित स्थानीय लोग श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार खेल मैदान होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी और युवा आते हैं तथा अपनी खेल सामग्री भी चबूतरे के पास रखते हैं। इसी स्थान को निशाना बनाते हुए असामाजिक तत्वों ने मूर्ति पर किसी भारी हथौड़े या धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मूर्ति चार टुकड़ों में टूट गई।

सुबह घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। तेली समाज के युवाओं के साथ विहिप के महानगर सह मंत्री सुशील सुवालका, कमल राजपुरोहित, प्रमोद शर्मा और राज सालवी सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। वहीं विहिप और बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विहिप के भीलवाड़ा महानगर सह-मंत्री सुशील सुवालका ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व लगातार भीलवाड़ा शहर की शांत फिजा में जहर घोलकर भाईचारे और माहौल को खराब करने की घिनौनी कोशिशें कर रहे हैं। ऐसी ताकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जल्द से जल्द दोषियों को बेनकाब कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले को शांत कराने और मामला सुलझाने के लिए समझाइश के प्रयास शुरू किए। थाना प्रभारी सुनील ताड़ा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया है। असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है ।