मंगरोप@मुकेश खटीक।थाना क्षेत्र के भोली गांव स्थित तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। पिछले तीन दिनों से लगातार तालाब में मछलियां मृत अवस्था में तैरती दिखाई दे रही हैं,जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गन्ध फैल गई है।हालात ऐसे हैं कि तालाब के आसपास रहने वाले ग्रामीणों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में अचानक बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होने से पानी भी दूषित नजर आ रहा है।मृत मछलियां किनारों पर जमा हो रही हैं और तेज बदबू के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विशेष रूप से सुबह और शाम के समय दुर्गन्ध अधिक फैलने से ग्रामीणों में नाराजगी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही मृत मछलियों को तालाब से नहीं हटाया गया तो संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की सफाई करवाने और मछलियों के मरने के कारणों की जांच करवाने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार गर्मी बढ़ने,तालाब में गंदगी जमा होने अथवा पानी में ऑक्सीजन की कमी के कारण मछलियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।
