साइलेंट हार्ट अटैक से मौत की आशंका, साकेत नगर थाने में शोक की लहर
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।साकेत नगर थाने में तैनात एएसआई डगराराम (56) की बुधवार सुबह अचानक मौत हो गई। डगराराम मंगलवार रात नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने सरकारी क्वार्टर में सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर साथी पुलिसकर्मी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।साथी पुलिसकर्मियों ने मामले की सूचना थानाधिकारी सुरजीत सिंह को दी। इसके बाद डगराराम को तत्काल राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत साइलेंट हार्ट अटैक से होना बताया गया है।
डगराराम पिछले करीब एक वर्ष से साकेत नगर थाने में एएसआई के पद पर तैनात थे। वे सरकारी क्वार्टर में अकेले रहते थे। मूल रूप से सोजत क्षेत्र के मुसालिया (बगड़ी) गांव के रहने वाले डगराराम का परिवार गांव में ही रहता है।
सूचना मिलने पर उनके बेटे मोहन सहित परिवार के सदस्य ब्यावर पहुंचे। अमृतकौर अस्पताल के डॉ. श्यामसुंदर सोनी ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया।
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दी श्रद्धांजलि
एएसआई डगराराम के निधन की सूचना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साकेत नगर थाने में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत एएसआई को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान एसपी रतन सिंह, एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, डीएसपी नरेंद्र पारीक, थानाधिकारी सुरजीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। घटना के बाद साकेत नगर थाने का माहौल गमगीन रहा।