49 किलोमीटर सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण, 7 अक्टूबर से शुरू होकर 6 फरवरी तक पूरा होगा काम
जहाजपुर अलकेश पारीक
जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|जहाजपुर क्षेत्र से गुजरने वाले राज्य राजमार्ग-134 पर सड़क सुधार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। त्रिवेणी–जहाजपुर–देवली मार्ग के जहाजपुर–मांडलगढ़ हिस्से में 1/00 से 49/00 तक करीब 49 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए 2 करोड़ 88 लाख 32 हजार 248 रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम की ओर से जारी स्वीकृति के बाद कृष्णा कंस्ट्रक्शन, केकड़ी को कार्य सौंपा गया है। निविदा में फर्म की ओर से निर्धारित दर से 14.91 प्रतिशत कम दर प्रस्तुत की गई थी, जिसे सक्षम स्तर से स्वीकृति प्रदान की गई है।
7 अक्टूबर से शुरू होगा कार्य
जारी आदेश के अनुसार सड़क का कार्य 7 अक्टूबर 2026 से शुरू किया जाना है तथा इसे 6 फरवरी 2027 तक पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई है। संबंधित ठेकेदार को अनुबंध और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्य शुरू करना होगा।
लंबे समय से सड़क सुधार की थी जरूरत
जहाजपुर–मांडलगढ़ मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। सड़क के सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण की मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों को राहत की उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजरें कार्य शुरू होने और निर्धारित अवधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा होने पर रहेंगी।
करीब 49 किलोमीटर लंबे हिस्से में सड़क सुधार का यह कार्य पूरा होने के बाद जहाजपुर सहित आसपास के गांवों से मांडलगढ़ और अन्य क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।